नई दिल्ली : ईरान में जारी जंग के चलते पैदा हुए हालातों के बारे में पीएम नरेंद्र मोदी आज देश को जानकारी देंगे। वह लोकसभा में दोपहर 2 बजे बोलने वाले हैं। सूत्रों का कहना है कि इस स्पीच में वह बताएंगे कि ईरान में जंग के बीच देश में गैस और तेल की सप्लाई की क्या स्थिति है। यदि किसी प्रकार का संकट है तो फिर सरकार उससे निपटने के लिए क्या कदम उठा रही है। इन सभी सवालों के जवाब पीएम नरेंद्र मोदी इस भाषण में दे सकते हैं।

पीएमओ में रविवार को जो बैठक हुई थी, उसमें प्रधानमंत्री ने पूरी प्रजेंटेशन देखी थी। इसमें उन्होंने जाना था कि दुनिया में पैदा हुए हालातों के बीच भारत ने अब तक क्या कदम उठाए हैं और देश में तेल और गैस सप्लाई की क्या स्थिति है। इस दौरान सभी संबंधित मंत्रालयों से उन्होंने जरूरी अपडेट लिए थे। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में ऐग्रिकल्चर, फर्टिलाइजर, फूड सिक्योरिटी, पेट्रोलियम, पावर, एक्सपोर्ट, शिपिंग, फाइनेंस, सप्लाई समेत तमाम विभागों से बात की गई। उनकी ओर से उठाए कदमों के बारे में पीएम मोदी ने जानकारी हासिल की।

खरीफ सीजन में फर्टिलाइजर की कमी ना हो, PM मोदी के निर्देश
बैठक की जानकारी रखने वाले सूत्रों का कहना है कि इस दौरान यह चर्चा हुई कि वैश्विक अर्थव्यवस्था पर इसका क्या असर हो सकता है। फिर भारत खाद्य, ऊर्जा और ईंधन सुरक्षा को लेकर भी बैठक में चर्चा की गई। बीते कुछ दिनों में देश में फर्टिलाइजर्स की कमी पर भी काफी खबरें आई थीं। ऐसे में बैठक में इसकी उपलब्धता को लेकर भी चर्चा हुई थी। कुछ महीनों बाद खरीफ का सीजन होगा और सरकार नहीं चाहती कि उस दौरान किसी भी तरह से फर्टिलाइजर्स की कमी रहे। एक पक्ष इस दौरान बिजली आपूर्ति का भी आया। इसे लेकर आदेश दिया गया है कि देश के सभी पावर प्लांट्स में कोयले की पर्याप्त सप्लाई होती रहे ताकि बिजली उत्पादन में गिरावट न आए।

संकट के बीच बिजली पर जोर, मीटिंग में हुई चर्चा
एलपीजी की कमी के बीच बड़ी संख्या में लोग इंडक्शन की ओर शिफ्ट हुए हैं। ऐसी स्थिति में बिजली की सप्लाई लगातार जारी रहना भी जरूरी है। पीएम मोदी की बुलाई बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि कैसे पेट्रोकेमिकल्स, फार्मा और केमिकल्स की कमी ना होने दी जाए। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस जंग से पूरी दुनिया ही प्रभावित हो रही है, लेकिन हमें कुछ ऐसे कदम उठाने होंगे कि देश के हितों की रक्षा की जा सके। इस बैठक में उन्होंने सरकार के सभी विभागों से समन्वय के साथ काम करने की अपील की।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!