

जशपुर: जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गौवंश मांस की तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 60 किलो गौवंश मांस और घटना में प्रयुक्त एक अल्टो कार जब्त की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामला कोतबा चौकी क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 20 मार्च की रात करीब 9:10 बजे कोतबा पुलिस टीम मुख्य मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा के ग्राम बनडेगा से एक व्यक्ति अल्टो कार (क्रमांक OR-14-G-3271) में भारी मात्रा में गौवंश मांस लेकर लैलूंगा (जिला रायगढ़) की ओर जा रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए नाकाबंदी की। कुछ ही देर में संदिग्ध कार को घेराबंदी कर रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से 1-1 किलो के पैकेट में कुल 60 किलो संदिग्ध मांस बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जीसान हुसैन (24 वर्ष), निवासी ग्राम बनडेगा, थाना तलसरा, जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा) बताया। आरोपी ने मांस को उड़ीसा से लाकर बिक्री के लिए ले जाने की बात स्वीकार की।जब्त मांस की पशु चिकित्सक से जांच कराई गई, जिसमें गौवंश मांस होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज किया।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी कार जब्त कर ली है और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में कोतबा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बृजेश यादव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
































