


MP News: भागीरथपुरा से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। हाल ही में दूषित पानी को लेकर चर्चा में रहे इस क्षेत्र में अब भागीरथपुरा फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। जन्मदिन की पार्टी में दाल-बाफले और लड्डू खाने के बाद 30 से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए। कुल 37 लोगों में उल्टी-दस्त की शिकायत हुई, जिनमें से 6 मरीज अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।
जानकारी के मुताबिक, भागीरथपुरा की शुक्ला गली में आकाश मुक्शिया के बेटे का जन्मदिन शनिवार को मनाया गया था। कार्यक्रम में पड़ोसी और रिश्तेदार शामिल हुए थे। मेन्यू में दाल-बाफले, लड्डू और अन्य व्यंजन परोसे गए थे। रविवार सुबह से ही मेहमानों के फोन आने लगे और उल्टी-दस्त की शिकायतें सामने आईं।
दो मरीजों का इलाज एमवाय अस्पताल में चल रहा है, जबकि 4 मरीज निजी अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। बताया गया कि कार्यक्रम में करीब 48 लोग शामिल हुए थे।
मामला भोजन से जुड़ा होने के कारण खाद्य विभाग की टीम ने सैंपल एकत्र किए हैं। साथ ही नगर निगम ने पानी के नमूने भी लिए हैं। आकाश ने बताया कि खाना बनाने में बोरिंग का पानी इस्तेमाल किया गया था। फिलहाल किसी की हालत गंभीर नहीं है और सभी मरीजों की स्थिति में सुधार हो रहा है।
































