


मुंबई : लोकल महिला कोच मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 57 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 6 फरवरी को घाटकोपर रेलवे स्टेशन पर सामने आई थी, जब एक व्यक्ति बुर्का पहनकर महिला कोच में यात्रा करता पाया गया। इसका वीडियो अगले दिन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद जांच शुरू की गई।
हालांकि किसी महिला यात्री ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई थी, फिर भी मुंबई जीआरपी ने मामले को गंभीरता से लिया। जांच में आरोपी की पहचान शेख अल्ताफ हुसैन इशाक (57) के रूप में हुई, जो नासिक के मुक्तिधाम इलाके का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी 6 फरवरी को ठाणे रेलवे स्टेशन पर पाटिलपुत्र एक्सप्रेस के जनरल कोच से उतरा था। इसके बाद उसने मुंबई लोकल पकड़ी और महिला डिब्बे में सवार हो गया। जांच टीम ने घाटकोपर और ठाणे स्टेशन के CCTV फुटेज खंगाले। साथ ही इगतपुरी रेलवे स्टेशन और नासिक रोड रेलवे स्टेशन के फुटेज भी देखे गए, जिनमें आरोपी बुर्का पहने नजर आया। एक वीडियो में वह नासिक रोड स्टेशन पर फेंसिंग कूदते हुए भी दिखा।
8 से 17 फरवरी के बीच नासिक शहर के 25 से अधिक CCTV कैमरों की जांच के बाद उसकी पहचान चाल-ढाल और जूतों के आधार पर की गई। घर की तलाशी में वही जूते और बैग बरामद हुए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सिजोफ्रेनिया से पीड़ित है और उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
































