नारायणपुर: शांतिपूर्ण एवं समृद्ध नारायणपुर” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए नारायणपुर पुलिस ने अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सल विरोधी “माड़ बचाओ” अभियान के तहत वर्ष 2026 का चौथा सुरक्षा एवं जन सुविधा कैंप ग्राम हच्चेकोटी में स्थापित किया है। यह क्षेत्र लंबे समय से नक्सल प्रभावित और मुख्यधारा से कटा हुआ रहा है।

यह नया कैंप थाना सोनपुर क्षेत्र के अंतर्गत 10 फरवरी 2026 को स्थापित किया गया, जिसका उद्देश्य कांदुलनार–कोरसकोड़ो–हच्चेकोटी–आदनार एक्सिस  पर चल रहे सड़क निर्माण कार्यों को सुरक्षा प्रदान करना और दूरस्थ गांवों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।हच्चेकोटी कैंप की स्थापना से छिंदपुर, झारावाही, आपाटोला, बिनागुण्डा, खेरेगांव सहित आसपास के क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, मोबाइल नेटवर्क और अन्य मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा। दशकों से अलग-थलग पड़े इस क्षेत्र को अब मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।

हच्चेकोटी, जिला मुख्यालय नारायणपुर से 70 किमी, थाना सोनपुर से 40 किमी, कांदुलनार से 11 किमी तथा कुरसकोड़ो से 5 किमी दूर स्थित है। कैंप खुलने से सोनपुर से कांकेर सीमा के आदनार गांव तक सीधा संपर्क संभव हो सकेगा।इस कैंप की स्थापना में नारायणपुर पुलिस, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स तथा बीएसएफ की 86वीं, 178वीं, 83वीं, 135वीं, 129वीं और 133वीं वाहिनियों की अहम भूमिका रही।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है, जिससे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी शांति और विकास का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।नारायणपुर पुलिस ने वर्ष 2025 में कुतुल, कोडलियार, बेड़माकोटी, पदमकोट, नेलांगुर, रायनार, एडजूम, आदेर, कुड़मेल, कोंगे, सितरम, जाटलूर, डोडीमरका, पदमेटा, परियादी, काकुर, बालेबेड़ा, कोडेनार, आदिनपार सहित कई गांवों में कैंप खोले थे।वर्ष 2026 में अब तक जटवर, वाड़ापेंदा, कुरसकोड़ो और हच्चेकोटी में कैंप स्थापित किए जा चुके हैं।

इस पूरे अभियान का संचालन आईजी बस्तर रेंज पी. सुन्दराज, एसपी नारायणपुर रोबिनसन गुरिया, DIG शंकर लाल बघेल सहित बीएसएफ व CAF के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में किया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!