


अंबिकापुर: सरगुजा जिले में लाइसेंसी बंदूक लूट के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को जशपुर जिले के कसाबेल से गिरफ्तार कर लूटी गई बंदूक बरामद कर ली है। यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर साइबर सेल, कोतवाली एवं थाना गांधीनगर की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
घटना 8 फरवरी 2026 की है। अमोद कुमार एक्का, जो पंजाब एंड सिंध बैंक, अंबिकापुर में सुरक्षा गार्ड हैं, नवापारा से प्रतापपुर नाका स्थित नए किराये के मकान में सामान शिफ्ट कर रहे थे। ऑटो में जगह नहीं होने के कारण वह अपनी डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक कंधे पर टांगकर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान नवापारा कुम्हारपारा ढलान के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने मोटरसाइकिल से मदद का झांसा देकर उन्हें बैठाने की कोशिश की और मौका पाकर बंदूक लूटकर फरार हो गया।
इस मामले में थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 72/26 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे कसाबेल (जिला जशपुर) से हिरासत में लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जयपाल लकड़ा (45 वर्ष) निवासी महादेवडांड, थाना बगीचा, जिला जशपुर हाल मुकाम गोधनपुर, थाना गांधीनगर बताया। उसने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से लूटी गई बंदूक बरामद की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा सहित पुलिस टीम के कई अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रहे।
































