


बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के थाना राजपुर पुलिस ने दिनदहाड़े एक ग्रामीण कृषक से ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।सहकारी बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे एक बुजुर्ग किसान को उसके बेटे का परिचित बताकर झांसे में लेकर 49 हजार रुपये की ठगी की गई थी।पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा। पुलिस एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी पूर्व में सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में एक अन्य मामले में जेल जा चुका है।
थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि 02 फरवरी 2026 को ग्राम डांडखड़ुआ निवासी प्रार्थी निबल साय अपने बेटे के साथ सहकारी बैंक राजपुर से धान बिक्री की रकम निकालने आया था। बैंक से 49,000 रुपये नकद प्राप्त करने के बाद वह अपने बेटे का इंतजार करता रहा। बेटे के नहीं लौटने पर वह पैदल अपने गांव की ओर निकल पड़ा।इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवक उससे मिले। तंबाकू मांगने और बेटे को पहचानने का नाटक कर आरोपियों ने उसे गांव तक छोड़ने का झांसा दिया। प्रार्थी के सीधेपन का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने उससे तौलिये में बंधे 49 हजार रुपये मांगे और कुछ दूरी तक मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए। बाद में दुकान से सामान लेने का बहाना बनाकर वे रुपये लेकर फरार हो गए।
रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 25/2026 धारा 318(4),3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर के निर्देश पर राजपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। नगर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। फुटेज के आधार पर आरोपी जेल कुमार पिता रामलाल (27 वर्ष), निवासी ग्राम तुंगा, थाना लखनपुर, जिला सरगुजा को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा। पुलिस एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
आरोपी की पतासाजी में आरक्षक अमित राजवाड़े की विशेष भूमिका रही। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी राजपुर भारद्वाज सिंह के साथ सहायक उप निरीक्षक अशोक तिर्की, प्रधान आरक्षक पवन सिंह एवं प्रधान आरक्षक राजेंद्र ध्रुव सक्रिय रूप से शामिल रहे।
































