बलरामपुर/राजपुर, 15 अगस्त 2026। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर सहित पूरे जिले में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। नगर के गांधी चौक में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में डॉ. आर.सी.पी. अंबष्ट ने ध्वजारोहण कर उपस्थित जनसमूह को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक एवं स्कूली बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए संकल्प लिया गया। गांधी चौक में आयोजित कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

नगर के विभिन्न शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। एसडीएम कार्यालय में एसडीएम देवेंद्र प्रधान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि तहसील कार्यालय में तहसीलदार प्रतीक जायसवाल ने ध्वजारोहण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

व्यवहार न्यायालय में न्यायाधीश आलोक पांडेय, नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष धरम सिंह तथा जनपद पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष विनय भगत ने तिरंगा फहराया। इस दौरान नगर पंचायत उपाध्यक्ष संजय सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी रविंद्र लाल, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय कुमार दुबे सहित अनेक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

वन विभाग कार्यालय में एसडीओ आर.एस.एल. श्रीवास्तव तथा राजपुर थाना में थाना प्रभारी निरीक्षक भारद्वाज सिंह ने ध्वजारोहण किया। जिले के सभी शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया।

डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल पतरातु में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शशिकला भगत ने ध्वजारोहण कर विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं सेवा भावना का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति की भावना को अभिव्यक्त किया।

वहीं ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज तिवारी ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम ने भी अपने निवास पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया तथा उपस्थित लोगों को शुभकामनाएं दीं।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा राजपुर एवं जिला देशभक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया। जगह-जगह तिरंगा लहराते हुए लोगों ने आजादी के अमर बलिदानियों को नमन किया और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!