

PM आवास, किसान योजना और RTO चालान के फर्जी APK लिंक भेजकर करते थे मोबाइल हैक, लाखों की ठगी का खुलासा
अंबिकापुर/जशपुर। सरगुजा साइबर रेंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के देवघर से 6 अंतर्राज्यीय साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी 5जी सिम अपडेट करने के नाम पर लोगों के मोबाइल में फर्जी APK फाइल और लिंक भेजकर मोबाइल हैक करते थे तथा बैंक खातों से ऑनलाइन रकम पार कर देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल, पासबुक, चेकबुक और 51 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार जशपुर जिले के पत्थलगांव निवासी उमेश खुटे ने 11 सितंबर 2025 को थाना पत्थलगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके मोबाइल पर लिंक भेजकर और 5जी सिम अपडेट करने के नाम पर उसके खाते से 5 लाख 53 हजार 900 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने प्रकरण की जांच साइबर रेंज थाना को सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के मार्गदर्शन में गठित टीम झारखंड के देवघर पहुंची और घेराबंदी कर 6 आरोपियों संतोष दास, पप्पू महरा, प्रयाग दास, राजकुमार मंडल, आर्यन कुमार एवं नित्यानंद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने देशभर में साइबर ठगी करना स्वीकार किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी पीएम आवास योजना, पीएम किसान योजना, आरटीओ चालान और परिवहन विभाग के नाम से फर्जी APK फाइल और लिंक भेजते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता था, उसके मोबाइल की पूरी जानकारी आरोपियों तक पहुंच जाती थी। आरोपी एसएमएस और ओटीपी हासिल कर बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे। कई मामलों में पीड़ित के मोबाइल का एक्सेस लेकर ई-सिम एक्टिव कर अपने मोबाइल में चालू कर लेते थे और यूपीआई के माध्यम से रकम ट्रांसफर कर देते थे।पुलिस के अनुसार आरोपी प्रतिदिन करीब 2500 लोगों को APK लिंक भेजते थे। गिरोह का मुख्य आरोपी इसके लिए कई एजेंट भी रखे हुए था। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से बड़े स्तर पर साइबर ठगी से जुड़े साक्ष्य मिले हैं।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले थाना कांसाबेल जिला जशपुर के अपराध क्रमांक 99/2025 में भी इसी प्रकार की ऑनलाइन ठगी का खुलासा हुआ था, जिसमें 29 लाख 15 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। उस मामले में बैंक गार्ड द्वारा ग्राहक के मोबाइल में मदद के बहाने APK फाइल डाउनलोड कराई गई थी। उक्त मामले में बैंक गार्ड सहित दो आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।पुलिस के अनुसार साइबर गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जुटी हुई है।
संपूर्ण कार्रवाई में साइबर रेंज थाना के निरीक्षक अश्वनी सिंह, निरीक्षक कलीम खान एवं अन्य पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















