सूरजपुर: सूरजपुर जिले के थाना जयनगर पुलिस ने 4 करोड़ 24 लाख रुपये कीमत के गांजा जब्त के बड़े मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को मध्यप्रदेश के कटनी जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने मामले की जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। पुलिस के अनुसार प्रकरण में पूर्व में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि गांजा परिवहन में प्रयुक्त नीलम बस भी जप्त की गई थी। मामले में फरार अन्य आरोपियों की पतासाजी लगातार जारी है।

पुलिस के मुताबिक 4 जून 2026 को सूचना मिली थी कि अंबिकापुर से मनेन्द्रगढ़ की ओर जा रही नीलम बस क्रमांक CG 15 EH 4301 में कुछ महिला-पुरुष बोरी और कपड़े में बंधी गठरियों के साथ सफर कर रहे हैं। गठरियों के ऊपर झाड़ू बांधकर रखे गए थे और उनके जरिए गांजा परिवहन किए जाने की सूचना थी। सूचना पर जयनगर पुलिस की टीम ने सिलफिली के पास बस को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान बस की लोअर और स्लीपर सीटों में 53 बोरियों तथा कपड़े और साड़ी में बंधी गठरियों से कुल 848 किलो 650 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 24 लाख रुपये बताई है। इसके अलावा 478 नग झाड़ू, गांजा परिवहन में प्रयुक्त बस और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।मामले में पुलिस ने गोल झरनी, उनर बाई, रूजीना, अटरिया, अन्टबाई, पेहरी बाई और बस चालक छोटन राम के खिलाफ अपराध क्रमांक 140/2026 के तहत धारा 20(बी), 20(II)(सी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया था। इसके बाद 24 अगस्त 2026 को कटनी जिले के बरही निवासी जाजोन सिंह को भी गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने प्रकरण में इण्ड-टू-इण्ड विवेचना करते हुए फरार आरोपियों की हरसंभव पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि थाना बरही, जिला कटनी में आर्म्स एक्ट के मामले में जेल में बंद आरोपी अरसेन धुर्वे पवार (35) जेल से रिहा होकर बाहर आया है।सूचना के आधार पर जयनगर पुलिस ने जिला जेल कटनी के पास घेराबंदी कर आरोपी अरसेन धुर्वे पवार को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मई-जून के दौरान वह खिरहनी पारधी बस्ती के लोगों को ओडिशा चलने और झाड़ू फैक्टरी से झाड़ू लाने के बदले 5 से 10 हजार रुपये देने की बात कहकर साथ ले गया था।आरोपी के अनुसार सभी लोग कटनी से ट्रेन के जरिए बिलासपुर और फिर राउरकेला, ओडिशा पहुंचे। वहां से पिकअप वाहन में झाड़ू और गांजा लेकर अंबिकापुर पहुंचे। कालीघाट के पास गांजा और झाड़ू की गठरियां उतारने के बाद इन्हें लेकर अम्बिकापुर बस स्टैंड पहुंचे, जहां एजेंट के माध्यम से नीलम बस बुक कर विजयराघवगढ़ जाने की तैयारी की गई थी। इसी दौरान सिलफिली के पास पुलिस ने बस को पकड़ लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले में इण्ड-टू-इण्ड विवेचना जारी है तथा फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी जयनगर अमित गुप्ता, एसआई सोहन सिंह, प्रधान आरक्षक रजिन्दर एक्का, आरक्षक जितेन्द्र साहू और हरि सिंह की भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!