
34 IAS officers transfer: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया है। एक साथ 34 IAS अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। 14 जिलों के डीएम भी बदले गए हैं। यूपी सरकार की ट्रांसफर सूची में कई जिलों के जिलाधिकारियों के साथ सीनियर अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। वहीं, अभी हाल में यूपी में 10 IAS अफसरों का तबादला किया गया था।
यूपी के इन जिलों के बदले गए जिलाधिकारी
सोमवार को जारी हुए आदेश के मुताबिक हरदोई, मुरादाबाद, एटा, अमेठी, कुशीनगर, कानपुर नगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर समेत कई जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं।
अनुनय झा को बनाया गया मुरादाबाद का डीएम
तबादलों के तहत अनुनय झा को हरदोई से मुरादाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि राहुल पांडेय को विशेष सचिव, राज्य कर के पद से हटाकर हरदोई का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं एम. अरुणमोली को आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के पद से हटाकर एटा का जिलाधिकारी बनाया गया है। संजय चौहान को अमेठी से कुशीनगर और महेंद्र सिंह तंवर को कुशीनगर से कानपुर नगर का जिलाधिकारी बनाया गया है।
आलोक कुमार को पीलीभीत का डीएम बनाया गया
इसके अलावा आलोक कुमार को संतकबीरनगर से पीलीभीत और ज्ञानेंद्र सिंह को पीलीभीत से बलिया का जिलाधिकारी बनाया गया है। शशांक चौधरी को अमेठी का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि दिव्यांशु पटेल को बागपत का जिलाधिकारी बनाया गया है। प्रभास कुमार को महोबा और उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर का जिलाधिकारी बनाया गया है। सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस और अशोक कुमार को हमीरपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है।
विजय कुमार सिंह बनाए गए मिर्जापुर के मुख्य विकास अधिकारी
अन्य महत्वपूर्ण बदलावों में हिमांशु कौशिक को मुरादाबाद नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। विजय कुमार सिंह को मिर्जापुर का मुख्य विकास अधिकारी और संतोष बहादुर सिंह को मैनपुरी का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। विशाल कुमार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। वहीं विजय कुमार को आगरा विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और शैलेंद्र भाटिया को यूपीईडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।
गजल भारद्वाज को दी गई नई जिम्मेदारी
सूची में आगे गजल भारद्वाज को इन्वेस्ट यूपी का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नितिन मदान को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी और जसजीत कौर को उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। जितेंद्र प्रताप सिंह को राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का निदेशक और नेहा बंधु को विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन का अपर आयुक्त बनाया गया है।इसके अलावा अस्मिता लाल, अभिषेक गोयल, मंगला प्रसाद सिंह, निधि श्रीवास्तव, अरविंद सिंह, राजेंद्र पेंसिया, अतुल वत्स और चंद्र शेखर समेत अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।























