
अंबिकापुर: होली क्रॉस वीमेंस कॉलेज, अंबिकापुर में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत एचआईवी/एड्स एवं एचआईवी/एड्स अधिनियम, 2017 को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज की प्राचार्य डॉ. शांता जोसेफ के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं एवं उपस्थित शिक्षकों को एचआईवी/एड्स से प्रभावित लोगों के प्रति भेदभाव समाप्त करने तथा उनके सम्मान, अधिकार और गरिमा की रक्षा करने की शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने कहा कि एचआईवी/एड्स को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए वैज्ञानिक एवं सही जानकारी का प्रसार जरूरी है।
इस अवसर पर छात्राओं को सेल्फ असेसमेंट स्कैनर के माध्यम से Self Risk Assessment की जानकारी दी गई। उन्हें इसके उपयोग की प्रक्रिया समझाते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रोत्साहित किया गया।रेड रिबन क्लब की नोडल अधिकारी दिव्या सिंह ने एचआईवी/एड्स से संबंधित वैज्ञानिक तथ्यों, जागरूकता और भेदभाव-मुक्त व्यवहार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एचआईवी से प्रभावित लोगों के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार करना समाज की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में उप प्राचार्य डॉ. मंजू टोप्पो सहित महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करने के साथ समाज में इससे जुड़े भेदभाव और गलत धारणाओं को समाप्त करने का संदेश देना रहा।




















