
अंबिकापुर: सरगुजा जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सरगुजा पुलिस ने आदतन अपराधियों और गुंडा-बदमाशों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिलेभर में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जिले में लगातार अपराधों में संलिप्त और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले 29 व्यक्तियों के खिलाफ गुंडा-बदमाश की नई फाइल खोलने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इनमें से 5 मामलों में नई फाइल खोलने की स्वीकृति हो चुकी है। थाना कोतवाली में 2, थाना गांधीनगर में 2 और थाना मणीपुर में 1 नई फाइल खोली गई है।वहीं, शेष 24 गुंडा-बदमाशों के खिलाफ फाइल खोलने की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। इनमें थाना गांधीनगर में 8, थाना उदयपुर में 8, थाना लखनपुर में 6, थाना कोतवाली में 1 और चौकी कुन्नी में 1 प्रकरण पर कार्रवाई की जा रही है।
39 आदतन अपराधियों पर धारा 110 के तहत कार्रवाई
अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस ने आदतन अपराधियों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय 39 अपराधियों के खिलाफ धारा 110 के तहत प्रकरण तैयार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए हैं।इनमें थाना कोतवाली द्वारा सर्वाधिक 18 प्रकरण, थाना गांधीनगर द्वारा 16, थाना मणीपुर द्वारा 3 तथा चौकी रघुनाथपुर द्वारा 2 प्रकरणों में कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य ऐसे अपराधियों पर लगातार निगरानी रखना है, जिनकी गतिविधियों से क्षेत्र की शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है।डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस ने संकेत दिया है कि आदतन अपराधियों, गुंडा-बदमाशों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आने वाले दिनों में भी प्रतिबंधात्मक एवं कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




















