सूरजपुर:  बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं शिक्षा के प्रति पालकों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार माध्यमिक शाला पतरापाली के प्रधानपाठक कृष्णकुमार यादव एवं शिक्षक योगेश साहू द्वारा घर-घर जाकर पालक संपर्क किया गया। इस दौरान कुल 12 पालकों से संपर्क कर बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति एवं शैक्षणिक प्रगति को लेकर चर्चा की गई। शिक्षकों ने पालकों से बच्चों के विद्यालय नहीं आने के कारणों की जानकारी ली और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए समझाइश दी। शिक्षकों के स्वयं घर पहुंचकर बच्चों की पढ़ाई के प्रति चिंता व्यक्त करने से पालकों में खुशी और उत्साह देखने को मिला। इस दौरान पालकों ने भी अपने-अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की बात कही। इस दौरान शिक्षक योगेश साहू ने पालकों से कहा कि बच्चों को विद्यालय में दिए जाने वाले होमवर्क को घर पर नियमित रूप से पूरा कराने में थोड़ा ध्यान दें। उन्होंने कहा कि बच्चे विद्यालय में जो सीखते हैं, उसका अभ्यास घर पर होना भी जरूरी है। पालक प्रतिदिन कुछ समय बच्चों की पढ़ाई और कॉपी-किताब देखने के लिए निकालें तथा होमवर्क पूरा हुआ है या नहीं, इसकी जानकारी लें। इससे बच्चों में नियमित अध्ययन की आदत विकसित होगी और उनकी शैक्षणिक प्रगति बेहतर होगी। पालक संपर्क अभियान में शिक्षकों ने 12 पालकों से संपर्क किया। शिक्षकों की इस पहल से पालकों में सकारात्मक भाव देखने को मिला।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!