
जशपुर: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने थाना बागबहार क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 60 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही वैन्यू कार को भी जब्त कर पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त 2026 की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच जशपुर पुलिस की टेक्निकल टीम और विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक वैन्यू कार क्रमांक UP-91-U 6302 में भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में बागबहार पुलिस ने संभावित मार्गों पर नाकाबंदी और घेराबंदी शुरू कर दी।
इसी दौरान गांधी चौक बागबहार के पास संदिग्ध वैन्यू कार पुलिस के हत्थे चढ़ गई। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम विकास चौधरी (27 वर्ष) निवासी समस्तीपुर, बिहार, वर्तमान निवास गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश बताया।गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की से प्लास्टिक टेप में लिपटे 60 पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर इन पैकेटों में करीब 60 किलोग्राम गांजापाया गया। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त वैन्यू कार को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था गांजा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी द्वारा उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। गांजा आरोपी को किस व्यक्ति से मिला था और उत्तर प्रदेश में इसे किसे पहुंचाया जाना था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
मामले में थाना बागबहार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार किए जाने के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
40 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 60 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये, तथा गांजा तस्करी में प्रयुक्त वैन्यू कार जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है, जब्त की है। इस तरह कुल जब्ती करीब 40 लाख रुपये की बताई गई है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन आघातलगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुखबिर तंत्र को मजबूत करने के साथ तकनीकी संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल शुरू किया है। नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में एंड-टू-एंड विवेचनाकर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई में एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल डीएसपी जशपुर शुभम तिवारी थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक ललित कुमार यादव, प्रधान आरक्षक लव चौहान, आरक्षक अजय खेस, आरक्षक पवन पैंकरा सहित जशपुर पुलिस की साइबर एवं टेक्निकल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















