
बलरामपुर: विकासखंड राजपुर में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं युवाओं को खेल प्रतिभा के विकास हेतु मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरगुजा ओलंपिक 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजपुर द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न खेल विधाओं की प्रतियोगिताएँ 16 से 19 सितंबर तक निर्धारित स्थलों पर आयोजित होंगी।
16 सितंबर को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय ग्राउंड में एथलेटिक्स स्पर्धाएँ तथा कॉलेज ग्राउंड में बैडमिंटन प्रतियोगिता होगी। 17 सितंबर को हायर सेकेंडरी स्कूल बालक ग्राउंड में कबड्डी, खो-खो एवं वॉलीबॉल तथा स्वामी आत्मानंद उ. विद्यालय ग्राउंड में बास्केटबॉल की स्पर्धाएँ आयोजित होंगी। 18 एवं 19 सितंबर को हायर सेकेंडरी स्कूल बालक ग्राउंड में फुटबॉल की वर्गवार एवं सामूहिक प्रतियोगिताएँ तथा 19 सितंबर को इसी स्थल पर महिला वर्ग की रस्साकशी एवं कराते स्पर्धा संपन्न होगी।
प्रतियोगिता में केवल ऑनलाइन पंजीकृत प्रतिभागी ही भाग लेने के पात्र होंगे। सभी प्रतिभागियों को विद्यालय से जारी परिचय पत्र एवं आधार कार्ड साथ लाना तथा निर्धारित समय से 20 मिनट पूर्व आयोजन स्थल पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। अनुशासन बनाए रखना आवश्यक होगा और नियमों के उल्लंघन पर प्रतिभागिता निरस्त की जा सकेगी।
सरगुजा ओलंपिक का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों तथा युवाओं में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना, छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें जिला एवं राज्य स्तर तक पहुँचने का अवसर देना है। विकासखंड के समस्त विद्यालयों, महाविद्यालयों, खेल संघों, व्यायाम शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है।




















