
अंबिकापुर/सीतापुर: शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज सीतापुर के सभागार में शनिवार, 12 सितंबर 2026 को एक दिवसीय करियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट सेमिनार का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के करियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ तथा सिम्पलिक्स कंसल्टेंसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों और स्नातक उत्तीर्ण युवाओं को कॉर्पोरेट एवं बैंकिंग क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार टोप्पो ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजीव गांधी पीजी कॉलेज अंबिकापुर के एनसीसी ऑफिसर डॉ. कैप्टन पंकज अहिरवार मौजूद रहे। वहीं मुख्य वक्ता के रूप में सिम्पलिक्स कंसल्टेंसी के सेल्स हेड देवेंद्र चौधरी ने विद्यार्थियों को बैंकिंग क्षेत्र में करियर की संभावनाओं से अवगत कराया।सेमिनार में विद्यार्थियों को बैंकिंग सेक्टर में चयन प्रक्रिया, आवश्यक योग्यता, इंटरव्यू की तैयारी, कार्यक्षेत्र और करियर में आगे बढ़ने की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बैंकिंग ऑपरेशंस, रिलेशनशिप मैनेजमेंट, रिटेल सेल्स और कस्टमर सर्विस जैसे विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों पर भी चर्चा की।कार्यक्रम के दौरान युवाओं को वर्तमान कॉर्पोरेट क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करने और इंटरव्यू के लिए बेहतर तैयारी करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया।बताया गया कि सिम्पलिक्स कंसल्टेंसी निजी बैंकिंग क्षेत्र में युवाओं एवं फ्रेश ग्रेजुएट्स को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के साथ कौशल प्रशिक्षण और चयन प्रक्रिया में मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का कार्य करती है।
कार्यक्रम का संचालन करियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. प्रवीण कुमार साहू ने किया। वहीं धन्यवाद ज्ञापन वाणिज्य संकाय की विभागाध्यक्ष सुश्री सरिता देवी ने किया।इस अवसर पर स्पोर्ट्स ऑफिसर धीरज मिश्रा, IQAC कॉर्डिनेटर शीला तिर्की, सहायक प्राध्यापक सुनील नाग एवं आदेश गुप्ता, अतिथि व्याख्याता डोपेंद्र कौशिक, अनिल सिंह, अमर सिंह ठाकुर एवं अंजलि बघेल सहित जनभागीदारी शिक्षक कविता एवं रिजवाना उपस्थित रहे। महाविद्यालय के बीए, बीएससी और बीकॉम सहित विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर सेमिनार का लाभ उठाया।




















