
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे राजधानी रायपुर और बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर कार्यक्रम का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया गया है। उनके प्रवास के दौरान स्मारक सिक्का जारी करने से लेकर धार्मिक अनुष्ठान और बस्तर दशहरे के आयोजन में शामिल होने तक कई महत्वपूर्ण गतिविधियां प्रस्तावित हैं।
22 अक्टूबर को रायपुर में रहेंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 22 अक्टूबर को दोपहर 12:45 बजे रायपुर स्थित लोक भवन पहुंचेंगी। यहां आयोजित कार्यक्रम में वे पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी।इसके बाद शाम 4 बजे राष्ट्रपति रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। इस दौरान सेवा सम्मान पर्व और युवा प्रबोधन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
23 अक्टूबर को मां दंतेश्वरी मंदिर में करेंगी पूजा
राष्ट्रपति अपने दौरे के दूसरे दिन 23 अक्टूबर को जगदलपुर पहुंचेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11 बजे वे मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। बस्तर की आराध्य देवी के दर्शन के बाद राष्ट्रपति क्षेत्र के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजन में हिस्सा लेंगी।
मुरिया दरबार और बस्तर दशहरे के कार्यक्रम में होंगी शामिल
जगदलपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दोपहर 12:45 बजे मुरिया दरबार और बस्तर दशहरे के अवसर पर आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी। बस्तर दशहरा अपनी विशिष्ट जनजातीय परंपराओं, धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक विरासत के लिए देशभर में जाना जाता है।राष्ट्रपति के इस दौरे के दौरान रायपुर और जगदलपुर में आयोजित कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान रहेगा। जारी कार्यक्रम के अनुसार, उनका प्रवास 22 और 23 अक्टूबर को निर्धारित विभिन्न आयोजनों के इर्द-गिर्द रहेगा।




















