बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में एक युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना की सूचना मिलने के महज दो घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल युवक का उपचार जिला चिकित्सालय अंबिकापुर में जारी है।

जानकारी के अनुसार राखी पर्व के दौरान प्रार्थी शिवकुमार काशी के घर उनके दामाद सुभाष एवं अन्य परिजन आए हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर आरोपी रामेश्वर उर्फ कोचा और घायल सिद्धांत के बीच विवाद एवं मारपीट हुई थी। विवाद के बाद सिद्धांत अपने भाई को घटना की जानकारी देने गया था। रात करीब 8:15 बजे जब सिद्धांत वापस लौट रहा था, तब आरोपी ने रास्ते में उसे रोक लिया और उसके ऊपर पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगा दी। आग लगने से सिद्धांत गंभीर रूप से झुलस गया और उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 216/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रार्थी एवं गवाहों के बयान लिए गए, घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा आरोपी के कथन के आधार पर घटनास्थल के पास से पेट्रोल लगी खाली बोतल और लाइटर बरामद कर जब्त किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी रामेश्वर उर्फ कोचा पिता गुर्जससाय (21 वर्ष) निवासी बढ़ाबगीचा महआपारा, थाना राजपुर के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे घटना की सूचना मिलने के दो घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया गया। घायल सिद्धांत को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। गिरफ्तार आरोपी को 30 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!