
सूरजपुर: सूरजपुर जिले के मां भारती पब्लिक स्कूल रूनियाडीह में शनिवार 5 सितंबर 2026 को भारत के द्वितीय राष्ट्रपति एवं प्रथम उपराष्ट्रपति, महान शिक्षाविद एवं विचारक तथा भारत रत्न से सम्मानित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पारस लाल प्रजापति, कार्यक्रम अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, विद्यालय के प्रधान पाठक बोधन राम राजवाड़े सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि पारस प्रजापति ने कहा कि शिक्षक घर, समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए विद्यार्थी ही आगे चलकर देश की जिम्मेदारियां संभालते हैं। इसलिए शिक्षक का कार्य केवल नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से उनके मार्गदर्शन को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक हमारे जीवन के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। वे केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और आत्मविश्वास का विकास भी करते हैं। एक अच्छा शिक्षक विद्यार्थी की प्रतिभा को पहचानकर उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है और उसके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्रधान पाठक बोधन राम राजवाड़े ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती शिक्षक दिवस के रूप में मनाई जाती है। यह दिन शिक्षा और शिक्षक के महत्व को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को सही दिशा देने के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी अहम योगदान देते हैं।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के समर्पण, मेहनत और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन उदय सर ने किया।




















