
जशपुर: जशपुर जिले के थाना आस्ता क्षेत्र के ग्राम हर्री में हुई 55 वर्षीय महिला की हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा ली। पुलिस ने हत्या के आरोपी अवधेश राम उर्फ गुटका (30) को झारखंड के रायडीह से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मृतिका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था और उसके बातचीत नहीं करने से नाराज था।
पुलिस के अनुसार, ग्राम हर्री निवासी धनमनी बाई अपने पति के साथ रहती थीं। 3 सितंबर को दोपहर करीब 11:30 बजे उनका पति खाना खाने के बाद मवेशी चराने जंगल चला गया। शाम करीब 6 बजे जब वह वापस लौटा तो धनमनी बाई घर के अंदर जमीन पर गंभीर हालत में पड़ी मिलीं। उनके चेहरे और सिर पर चोट के निशान थे तथा पास में टांगिया पड़ा हुआ था। आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
मामले की सूचना मिलने पर थाना आस्ता पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि अवधेश राम कुछ दिन पहले धनमनी बाई के घर आया था और वहां उसका विवाद हुआ था। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह अपने गांव कोमडो स्थित घर पर नहीं मिला।इसके बाद पुलिस की टेक्निकल टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। जानकारी मिली कि वह झारखंड के रायडीह में मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल वहां पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और जशपुर लाकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मृतिका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। बेटी द्वारा उससे बातचीत नहीं करने पर वह नाराज था। इसी सिलसिले में वह धनमनी बाई के घर पहुंचा। मृतिका ने उसे अपनी बेटी को परेशान करने और उससे बातचीत करने से मना किया। इस बात से आरोपी आवेश में आ गया और घर में रखे टांगिया से धनमनी बाई के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगिया भी जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद अवधेश राम उर्फ गुटका को 5 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई में एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, थाना प्रभारी आस्ता उपनिरीक्षक अर्जुन यादव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में आगे की विवेचना जारी है।




















