बलरामपुर:  शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बलरामपुर के ऑडिटोरियम भवन में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास तथा कृषि विकास एवं कल्याण मंत्री  रामविचार नेताम के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।

मुख्य अतिथि रामविचार नेताम ने उपस्थित शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्र के भविष्य निर्माण में गुरुजनों का योगदान अमूल्य है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि एक पीढ़ी के चरित्र और सोच का निर्माता होता है। उन्होंने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने सर्वाेच्च पद पर रहते हुए भी स्वयं को सदैव शिक्षक ही माना, यही भाव आज के शिक्षकों के लिए प्रेरणा है। माता-पिता संतान को जन्म देते हैं, किन्तु उसे संवारने, सही मार्ग दिखाने और उसका भविष्य गढ़ने का दायित्व शिक्षक ही निभाते हैं। मंत्री श्री नेताम ने बताया कि मुख्यमंत्री के मंशानुरूप राज्य शासन प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है और इसी कड़ी में जिले में प्रयास विद्यालय तथा नर्सिंग महाविद्यालय की स्थापना की जा रही है, जिससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही उज्ज्वल भविष्य के अवसर सुलभ होंगे।

कलेक्टर  चन्दन संजय त्रिपाठी ने कहा कि विद्यार्थी के जीवन का पहला पथ प्रदर्शक शिक्षक होता है। उन्होंने शिक्षक को राष्ट्र निर्माण की धुरी बताते हुए शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों पर ऐसा प्रभाव छोड़ें कि वे आगे चलकर समाज के लिए मिसाल बनें।समारोह में जिले के विभिन्न विकासखण्डों के 21 उत्कृष्ट शिक्षकों को ज्ञानदीप एवं शिक्षादूत पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ज्ञानदीप पुरस्कार के अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला कोरवापारा (राजपुर) के शिक्षक श्याम सुन्दर चौरगे को प्रथम, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला डौरा की शिक्षिका  नीलीमा

एक्का को द्वितीय तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला चिरई (शंकरगढ़) के प्रधान पाठक  जवाहर लाल पैकरा को तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मान दिया गया। इसी प्रकार शिक्षादूत पुरस्कार से जिले के विभिन्न विकासखण्डों के 18 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष  पुष्पा नेताम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष  बबली देवी, नगर पालिका उपाध्यक्ष  दिलीप सोनी, पुलिस अधीक्षक  वैभव बैंकर एवं जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!