नारायणपुर:  नारायणपुर जिले के थाना नारायणपुर पुलिस ने चोरी के एक मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 5 लकड़ी की मूर्तियां बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई के साथ ही चोरी गई सभी 17 लकड़ी की मूर्तियां बरामद कर ली गई हैं।

पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी नारायणपुर अजय सिंह एवं थाना प्रभारी विनीत दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मामले की जांच की जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक 28 अगस्त 2026 को पंडी राम मंडावी, निवासी ग्राम गढ़बेंगाल, थाना एवं जिला नारायणपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नारायणपुर स्थित आर्ट स्टूडियो से मोबाइल फोन सहित 17 नग लकड़ी की मूर्तियां चोरी हो गई हैं। चोरी गई मूर्तियों की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई थी। रिपोर्ट के आधार पर थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 85/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।विवेचना के दौरान पुलिस ने पूर्व में आरोपी मनोज विश्वकर्मा पिता श्यामलाल विश्वकर्मा, उम्र 30 वर्ष, निवासी पाता नरहरपारा, थाना एवं जिला कोंडागांव को गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर चोरी की 12 लकड़ी की मूर्तियां बरामद की गई थीं।मामले में शामिल फरार आरोपी अनिल चंद्राकर, पिता शुभनंदन चंद्राकर, उम्र 37 वर्ष, निवासी नरहरपुर, जिला कोंडागांव की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने नरहरपुर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की 5 लकड़ी की मूर्तियां बरामद कर जब्त की गईं।इस तरह पुलिस ने चोरी गई सभी 17 लकड़ी की मूर्तियां बरामद कर ली हैं और प्रकरण में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपी अनिल चंद्राकर के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!