

बलरामपुर: बलरामपुर जिले के थाना पस्ता क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक को तारपीन तेल डालकर आग के हवाले कर दिया गया। गंभीर रूप से झुलसे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम डीपाडीहखुर्द निवासी 20 वर्षीय करण बेक को आरोपी अनिश मिंज (22 वर्ष) ने जान से मारने की नियत से उसके शरीर पर तारपीन तेल डालकर लाइटर से आग लगा दी। घटना के बाद परिजनों द्वारा घायल करण को पहले डुमरखोला में प्राथमिक उपचार दिलाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया।अंबिकापुर में भी हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मरणासन्न कथन और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिश मिंज को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पस्ता निरीक्षक जन्मेजय पाण्डेय सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।
































