

बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले थाना क्षेत्र राजपुर अंतर्गत ग्राम बकसपुर दारू भट्टी के पास 19 अप्रैल की रात करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के सीमेंट पोल से जा टकराई।
थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह से बताया कि हादसे में बाइक चालक अजीत प्रजापति पिता-राजेश प्रजापति (24वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठे अंकित प्रजापति पिता-लरंग को हल्की चोटें आई हैं। टक्कर के बाद वह कुछ समय के लिए बेहोश हो गया था।दोनों शराब के नशे में बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम प्रधान आरक्षक राजेंद्र ध्रुव के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान तत्काल नहीं हो पाने के कारण पुलिस पूरी रात घटनास्थल पर डटी रही और शव की सुरक्षा करती रही। सुबह पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

































