बलरामपुर:  न्याय को सरल एवं सुलभ तरीके से आमजन तक पहुंचाने तथा आपसी सहमति के आधार पर मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत के सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत 21 अप्रैल 2026 से हो चुकी है, जिसकी परिणति 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत के रूप में होगी।

इस विशेष लोक अदालत का आयोजन सर्वाेच्च न्यायालय परिसर में किया जाएगा, जिसमें सर्वाेच्च न्यायालय में लंबित मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया जाएगा। इसके पूर्व राज्य, जिला, तालुका एवं उच्च न्यायालय स्तर पर विधिक सेवा प्राधिकरण/समितियों के माध्यम से सुलह बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थों द्वारा पक्षकारों की सहायता की जाएगी, ताकि विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान निकल सके।
अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं संबंधित सभी पक्षों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया है। पक्षकार इन सुलह बैठकों में प्रत्यक्ष अथवा ऑनलाइन माध्यम से शामिल होकर अपने मामलों का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। अपने मामले को इस विशेष लोक अदालत में शामिल कराने हेतु एक गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है। इच्छुक पक्षकार भारत के सर्वाेच्च न्यायालय की वेबसाइट www.sci.gov.in पर जाकर अथवा दिए गए लिंक के माध्यम से फॉर्म भर सकते हैं। फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 तक निर्धारित की गई है। यह पहल न्यायिक प्रक्रिया को गति देने के साथ-साथ आपसी समझ और सहमति के माध्यम से विवादों के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!