नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका में पुलिस और लगरपुरिया गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। द्वारका पुलिस की टीम ने द्वारका के श्याम विहार इलाके में आरोपियों का हॉफ एनकाउंटर किया। इस एनकाउंटर के बाद दो बदमाश पकड़े गए हैं। इनमें से एक बदमाश को गोली लगी है। दोनों बदमाश हाल में ही द्वारका इलाके में गोली मारने की वारदात में शामिल थे।

द्वारका पुलिस की टीम को लगरपुरिया गैंग के दो बदमाशों के श्याम बिहार इलाके में आने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दोनों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने ट्रैप लगाया था। जैसे ही दोनों बदमाश नजदीक आए, पुलिस ने दोनों को सरेंडर करने के लिए कहा। हालांकि, सरेंडर करने की बजाय एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई और एक बदमाश के पैर में गोली लगी।

ऑपरेशन लंगड़ा के तहत कार्रवाई

टीम को सूचना मिली थी कि लगरपुरिया गैंग के शूटर टारगेट किलिंग (हत्या की साजिश) की प्लानिंग कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों का हाफ एनकाउंटर कर दिया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई डीसीपी कुशल पाल सिंह के ऑपरेशन लंगड़ा के तहत की गई है, जिसका मकसद गैंगवार और टारगेट किलिंग को रोकना है। एनकाउंटर के बाद घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।

कौन है विकास गुलिया?

विकास गुलिया उर्फ लगरपुरिया हरियाणा के झज्जर/बहादुरगढ़ इलाके का एक कुख्यात गैंगस्टर है। वह गुरुग्राम में 30 करोड़ की बड़ी लूट का मास्टरमाइंड रहा है। दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब आदि में हत्या, लूट, फिरौती और गैंगवार के दर्जनों मामले उसके खिलाफ दर्ज हैं। 2022 में दुबई से डिपोर्ट कर इसे गिरफ्तार किया गया। हाल ही में दिल्ली कोर्ट ने उसे और उसके साथी धीरपाल उर्फ काना को मकोका के तहत उम्रकैद की सजा सुनाई है।  इसके बावजूद उसके गैंग के शूटर अभी भी सक्रिय हैं और पुलिस बार-बार उनके शूटरों को पकड़ रही है। पिछले साल भी क्राइम ब्रांच ने कई शूटर गिरफ्तार किए थे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!