बलरामपुर;  बलरामपुर जिले के राजपुर क्षेत्र अंतर्गत धंधापुर से होकर गुजरने वाली महान नदी के छिंदियाडांड रेत घाट में इन दिनों अवैध रेत खनन का खेल खुलेआम जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेत माफिया ने पूरे घाट पर कब्जा जमा लिया है और प्रशासनिक लापरवाही के कारण लगातार नदी का सीना छलनी किया जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि अब अवैध उत्खनन का असर क्षेत्र में निर्माणाधीन करीब 10 करोड़ रुपये की लागत वाले पुल पर भी दिखाई देने लगा है। लोगों ने पुल की नींव कमजोर होने की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार, सुबह 5 बजे से ही रेत माफिया नदी में सक्रिय हो जाते हैं। पूरे दिन ट्रैक्टर और भारी वाहनों के जरिए नदी से रेत निकाली जाती है और देर शाम तक परिवहन का सिलसिला जारी रहता है। प्रतिदिन करीब 200 से अधिक वाहनों से रेत की तस्करी होने की बात कही जा रही है। इससे शासन को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं माफिया करोड़ों रुपये का काला कारोबार कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे अवैध खनन से महान नदी का जलस्तर प्रभावित हो रहा है। नदी की धारा बदलने और किनारों के कटाव का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण रेत माफियाओं के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

क्षेत्रवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि अवैध उत्खनन में लगे वाहनों की आवाजाही से ग्रामीण सड़कें भी खराब हो रही हैं। भारी वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की है।

फिलहाल इस मामले में एसडीएम ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। हालांकि अब देखना होगा कि प्रशासन की यह कार्रवाई केवल आश्वासन तक सीमित रहती है या वास्तव में रेत माफियाओं पर शिकंजा कसता है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!