

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राजा भोज एयरपोर्ट को ग्राहक संतुष्टि रैंकिंग में इस बार बड़ा झटका लगा है। लगातार दो सर्वे में शीर्ष स्थान पर रहने वाला यह एयरपोर्ट अब तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। दिलचस्प बात यह है कि यात्रियों की संख्या और सुविधाओं में बढ़ोतरी के बावजूद उसकी रैंकिंग में गिरावट दर्ज की गई है।
खजुराहो ने छीना नंबर वन का ताज
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से जारी राष्ट्रीय ग्राहक संतुष्टि सूचकांक में इस बार खजुराहो एयरपोर्ट और औरंगाबाद एयरपोर्ट ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है। दोनों एयरपोर्ट को पांच में से 4.98 अंक मिले हैं। वहीं भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट को 4.96 अंक प्राप्त हुए, जिससे वह तीसरे स्थान पर पहुंच गया।
इस सर्वे में ग्वालियर के राजामाता विजयाराजे सिंधिया एयरपोर्ट को चौथा स्थान मिला, जबकि जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट ने सातवीं रैंक हासिल की। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट को इस सर्वे में शामिल नहीं किया गया।
यात्रियों की राय के आधार पर तैयार हुई रैंकिंग
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया वर्ष में दो बार ग्राहक संतुष्टि सर्वे कराती है। ताजा रिपोर्ट जनवरी से जून 2026 के बीच यात्रियों से मिले फीडबैक और उनके अनुभव के आधार पर तैयार की गई है। देशभर के 60 हवाई अड्डों को इस सर्वे में शामिल किया गया था।
सुविधाएं बढ़ीं, फिर भी घटी रैंकिंग
भोपाल एयरपोर्ट प्रबंधन ने रैंकिंग में आई गिरावट पर आश्चर्य जताया है। अधिकारियों का कहना है कि हाल के समय में यात्रियों की सुविधा के लिए कई नई व्यवस्थाएं शुरू की गई हैं। इनमें डिजी यात्रा सुविधा, कैटेगरी-2 आईएलएस सिस्टम, हेल्प डेस्क का विस्तार और नए अराइवल एरिया का विकास शामिल है।
प्रबंधन का मानना है कि लगातार बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के बावजूद रैंकिंग में गिरावट अप्रत्याशित है। हालांकि ग्राहक संतुष्टि सर्वे के आधार पर भविष्य में सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में काम जारी रखा जाएगा।











