
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्नब का असर अब छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार तूफान के गुरुवार को ओडिशा के कलिंगपट्टनम तट के पास पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से ओडिशा और आंध्र प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी बारिश का दौर तेज हो सकता है।
24 सितंबर को रेड अलर्ट, दो दिन ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। 24 सितंबर को प्रदेश के लिए रेड अलर्ट रखा गया है, जबकि 25 और 26 सितंबर को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। अनंत चतुर्दशी के मौके पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी बारिश की स्थिति बन सकती है। ऐसे में नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों के आसपास अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
बस्तर के कई जिलों में तेज बारिश का सबसे ज्यादा असर
बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की गई है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, जगदलपुर और नारायणपुर में रेड अलर्ट है। वहीं कांकेर और कोंडागांव के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दुर्ग संभाग में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है। गरियाबंद और धमतरी में भारी बारिश की संभावना है। कई स्थानों पर बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।
इन जिलों में भी यलो अलर्ट
रायपुर, राजनांदगांव, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बालोद और कांकेर में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है और कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
आकाशीय बिजली ने ली 4 लोगों की जान
खराब मौसम के बीच छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। बालोद जिले में खेत में काम कर रही एक महिला बिजली की चपेट में आ गई। इस घटना में दो अन्य लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल ब्लॉक में भी बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई। बताया गया कि बारिश शुरू होने के बाद वह जामुन के पेड़ के नीचे खड़ा था, तभी पेड़ पर बिजली गिर गई।
वहीं बेमेतरा जिले में सुरहोली-कुसमी मार्ग के पास तालाब किनारे काम कर रहे दो मजदूर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर मौत हो गई।
बारिश और बिजली के बीच सावधानी बेहद जरूरी
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को खुले मैदान, पेड़ के नीचे और जलस्रोतों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी जाती है। खासकर गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहना जरूरी है। आगामी दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का असर और तेज हो सकता है।



















