
थाने में दी आंदोलन की सूचना, प्रशासन के नहीं पहुंचने का आरोप; चालक-परिचालक का वेतन, बच्चों की फीस और वाहन की किस्त तक नहीं चुका पाने की बताई मजबूरी - हिंडाल्को से सीधे भुगतान की मांग
अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड की सामरी माइंस से जुड़े ट्रक मालिकों और भुगतान विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। 13 अगस्त को ज्ञापन सौंपने के बाद ट्रक मालिक संघ सामरी के बैनर तले ट्रक मालिकों ने 14 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। रविवार को हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। आंदोलन के संबंध में ट्रक मालिक संघ द्वारा सामरी थाना में लिखित सूचना भी दी गई है। संघ ने हड़ताल के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की संपूर्ण जवाबदारी हिंडाल्को प्रबंधन एवं जीएन कंस्ट्रक्शन पर होने की बात कही है।
ट्रक मालिक संघ का कहना है कि जब तक उनकी लंबित भुगतान सहित अन्य मांगों का निराकरण नहीं किया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। संघ के अनुसार हड़ताल शुरू होने के तीन दिन बीत जाने के बावजूद अब तक न तो प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा है और न ही हिंडाल्को प्रबंधन अथवा जीएन कंस्ट्रक्शन की ओर से ट्रक मालिकों से बातचीत के लिए कोई प्रतिनिधि पहुंचा है।
आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट चुके हैं - ट्रक मालिक..
हड़ताल पर बैठे ट्रक मालिक संघ सामरी के अध्यक्ष सहित ट्रक कई ट्रक मालिकों ने अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर गंभीर परेशानी सामने रखी है। उनका कहना है कि लंबे समय से भुगतान लंबित होने के कारण परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। ट्रक मालिकों के अनुसार वे अपने वाहनों के चालक और परिचालक का भुगतान तक नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वाहन के आवश्यक कागजात बनवाने और अन्य खर्चों को पूरा करने में भी परेशानी हो रही है। बच्चों की स्कूल फीस जमा नहीं हो पा रही है, वहीं ट्रकों की मासिक किस्त नहीं चुकाने के कारण फाइनेंस कंपनियों की ओर से लगातार तगादा किया जा रहा है। ट्रक मालिकों का कहना है कि डीजल, वाहन के रखरखाव, चालक-परिचालक का भुगतान, वाहन के कागजात और अन्य जरूरी खर्चों के बीच लंबित भुगतान ने उनकी आर्थिक स्थिति को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बढ़ती परेशानियों से तंग आकर उन्हें मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
भुगतान नहीं तो परिवहन नहीं..
ट्रक मालिक संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों का निराकरण नहीं किया जाता, तब तक परिवहन कार्य शुरू नहीं किया जाएगा। हड़ताल के कारण जीएन कंस्ट्रक्शन से संबंधित बॉक्साइट परिवहन कार्य प्रभावित है और ट्रक मालिक अपने वाहनों के साथ आंदोलन पर बैठे हैं।ट्रक मालिकों का कहना है कि उन्होंने लंबे समय तक भुगतान का इंतजार किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने के बाद ही उन्हें अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लेना पड़ा।
हिंडाल्को से सीधे भुगतान की मांग..
ट्रक मालिकों ने अब भुगतान व्यवस्था में बदलाव की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि यदि हिंडाल्को कंपनी संबंधित ठेकेदार को समय पर भुगतान करती है, तो ट्रक मालिकों को भुगतान मिलने में देरी क्यों हो रही है। ट्रक मालिक संघ ने मांग की है कि हिंडाल्को प्रबंधन ठेकेदार के माध्यम से भुगतान करने के बजाय ट्रक मालिकों को सीधे भुगतान की व्यवस्था करे। उनका कहना है कि सीधे भुगतान होने से राशि समय पर ट्रक मालिकों तक पहुंचेगी और भविष्य में इस तरह की भुगतान संबंधी समस्या उत्पन्न होने की संभावना भी कम होगी।
हिंडाल्को के अधीन दो ठेकेदार, एक तरफ परिवहन बंद तो दूसरी ओर जारी..
मामले में एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। ट्रक मालिकों के अनुसार हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड खान प्रभाग सामरी के अधीन बॉक्साइट खनन एवं परिवहन से संबंधित कार्य में दो ठेकेदार कार्यरत हैं। इनमें त्रिलोक माइनिंग रिसोर्सेज प्राइवेट लिमिटेड और जीएन कंस्ट्रक्शन शामिल हैं। ट्रक मालिकों का कहना है कि वर्तमान भुगतान विवाद जीएन कंस्ट्रक्शन से जुड़े परिवहन कार्य को लेकर सामने आया है। इसके चलते जीएन कंस्ट्रक्शन से संबंधित बॉक्साइट खदानों से बॉक्साइट परिवहन करने वाले ट्रकों का संचालन पूरी तरह बंद है और उनके मालिक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। वहीं, ट्रक मालिकों के अनुसार त्रिलोक माइनिंग रिसोर्सेज प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित बॉक्साइट खदानों से बॉक्साइट परिवहन का कार्य जारी है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि हिंडाल्को के अधीन कार्यरत दोनों ठेकेदारों के माध्यम से परिवहन कार्य संचालित हो रहा है, तो भुगतान संबंधी समस्या एक ठेकेदार से जुड़े ट्रक मालिकों के बीच ही क्यों सामने आई है..? ट्रक मालिक इस स्थिति को जीएन कंस्ट्रक्शन की भुगतान व्यवस्था से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, जीएन कंस्ट्रक्शन का पक्ष इस संबंध में सामने आना बाकी है। इसलिए भुगतान वास्तव में किस स्तर पर लंबित है और कंपनी से ठेकेदार तथा ठेकेदार से ट्रक मालिक तक राशि पहुंचने की प्रक्रिया में देरी कहां हो रही है, यह संबंधित पक्षों के स्पष्ट जवाब के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा।
ट्रक मालिकों के समर्थन में पहुंचे आप जिला महासचिव
अनिश्चितकालीन हड़ताल के तीसरे दिन 15 अगस्त को आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव सकिल अंसारी भी हड़ताल स्थल पर पहुंचे और ट्रक मालिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने ट्रक मालिकों की मांगों को जायज बताते हुए उनके आंदोलन का समर्थन किया। सकिल अंसारी ने कहा कि आंदोलन को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई भी अमला ट्रक मालिकों की समस्याएं सुनने के लिए मौके पर नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि लंबित भुगतान के कारण ट्रक मालिक आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और उनकी समस्याओं का तत्काल निराकरण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ट्रक मालिकों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगी। यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो जरूरत पड़ने पर आम आदमी पार्टी बलरामपुर जिला ट्रक मालिकों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप कर ट्रक मालिकों की मांगों का समाधान कराने की मांग की।
प्रशासन की भूमिका पर भी उठे सवाल..
हड़ताल के तीन दिन बीतने के बाद भी प्रशासन की ओर से ट्रक मालिकों से बातचीत के लिए मौके पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचने के आरोप के बाद अब प्रशासन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ट्रक मालिकों का कहना है कि उन्होंने अपनी समस्या को लेकर पहले ही ज्ञापन सौंपा और थाने में आंदोलन की सूचना भी दी है, इसके बावजूद अब तक उनकी समस्याओं को सुनने के लिए प्रशासनिक स्तर पर पहल नहीं हुई है। वहीं, इससे पहले एसडीएम कुसमी अनमोल विवेक टोप्पो ने मामले के संज्ञान में होने तथा हिंडाल्को प्रबंधन को सूचना देकर तलब किए जाने की बात कही थी। अब देखना होगा कि प्रशासन ट्रक मालिकों और संबंधित पक्षों के बीच बातचीत कर भुगतान विवाद का समाधान कब तक करा पाता है।
समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और बढ़ने के संकेत..
फिलहाल ट्रक मालिक संघ अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है और भुगतान की समस्या का निराकरण होने तक हड़ताल जारी रखने की बात कह रहा है। वहीं, आम आदमी पार्टी द्वारा भी आंदोलन को समर्थन देने तथा मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दिए जाने के बाद मामला और गंभीर होता दिखाई दे रहा है।




















