
बलरामपुर/रामानुजगंज। बलरामपुर जिले के रामानुजंगज वन परिक्षेत्र के शिवपुर जंगल में भैंस चराने गए ग्रामीण पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया। ग्रामीण की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वन विभाग मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि 25 हज़ार रुपए प्रदान की।
उप वनपरिक्षेत्राधिकारी अनिल सिंह पैकरा ने बताया कि ग्राम शिवपुर निवासी 59 वर्षीय इंद्रनाथ सिंह पिता जीतबंधन सिंह अब सुबह करीब 5 बजे अपने घर से भैंस चराने के लिए घर से करीब 1 किलोमीटर दूर शिवपुर जंगल कक्ष क्रमांक पी. 3482 में गया हुआ था। वही जंगल में जंगली हाथी से सामना हो गया हाथी के हमले से ग्रामीण इंद्रनाथ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जंगल मे मवेशी चराने गए ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग ने अपने उच्चधिकारी वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी को दी। सूचना उपरांत मौके पर उप वनमंडलाधिकारी अनिल सिंह पैकरा वनकर्मियों के साथ पहुंचकर सर्व प्रथम मृतक ग्रामीण के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वही मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि 25 हज़ार रुपए प्रदान किया।
उप वन परिक्षेत्राधिकारी अनिल सिंह पैकरा ने बताया कि झारखंड से 3 हाथी करीब 12 दिनों से आकर जंगल में विचरण कर रहा है वही 1 हाथी बीती दरम्यानी रात्रि आकर अल सुबह करीब 5:30 बजे मवेशी चराने गए ग्रामीण पर हमला कर दिया। वर्तमान में 4 हाथी जंगल में विचरण कर रहा है। ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की समझाइश दी जा रही है। वही आसपास के गांव कनकपुर, रामपुर, लूरगी, टकिया, महावीरगंज, चिनिया, शिवपुर आदि गांवों में हाथी मित्र दल से हाथियों से दूर रहने के लिए लाउडस्पीकर से अनाउंस कराया जा रहा है।




















