

अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई कुल 7 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भगवानपुर सुभाषनगर निवासी शिवम रवानी ने 10 अप्रैल को थाना मणीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 अप्रैल को जिला अस्पताल अंबिकापुर से उनकी अपाचे बाइक चोरी हो गई थी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में थाना मणीपुर और साइबर सेल की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए जांच तेज की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दीपक प्रजापति (23 वर्ष, निवासी बरगीडीह) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने शहर और आसपास के क्षेत्रों से कई बाइक चोरी करने की बात कबूल की।पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथी जावेद खान (28 वर्ष, निवासी बरगीडीह) का नाम भी बताया। पुलिस ने जावेद खान को भी पकड़कर पूछताछ की, जहां उसके पास से चोरी की अपाचे बाइक बरामद हुई।पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 7 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं और वे पहले भी जेल जा चुके हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना मणीपुर, लुंड्रा पुलिस एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
































