
अंबिकापुर: विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत आज मोंटफोर्ट स्कूल, अंबिकापुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य ब्रदर एस. गेब्रियल सहित विद्यालय की कोऑर्डिनेटर ममता तिवारी, संगीता पाण्डेय, सिस्टर निशा रानी एवं पूजा गुप्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर नितिन कर्ष रहे तथा मंच संचालन मिस मनदीप भामरा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल एवं ऑनलाइन लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया।
महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनीता भारद्वाज ने विद्यार्थियों को साइबर एवं महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों, विशेष रूप से साइबर हेल्पलाइन 1930, की जानकारी दी। साथ ही “जागरूकता की एक Selfie” अभियान के अंतर्गत जागरूकता QR Code के बारे में बताते हुए विद्यार्थियों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अभिव्यक्ति ऐप के उपयोग एवं महिला सुरक्षा में इसकी भूमिका के संबंध में भी जानकारी दी।वहीं यातायात प्रभारी उप निरीक्षक विजय केवर्त ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में जानकारी देते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, यातायात संकेतों के पालन तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने जैसी महत्वपूर्ण सावधानियों से अवगत कराया।इस अवसर पर महिला थाना से महिला आरक्षक सविता मरावी, लोरेता एक्का एवं संगीता बड़ा सहित पुलिस मितान टीम एवं साइबर वॉलंटियर टीम से भार्गवी द्विवेदी, अतुल गुप्ता, विक्की गुप्ता एवं विकेश राजवाड़े उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 400 विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की तथा अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनाने के साथ सड़क सुरक्षा एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति भी सजग करना रहा।




















