

बलरामपुर: बलरामपुर जिले की पुलिस चौकी वाड्रफनगर एवं थाना बसंतपुर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पहला मामला चौकी वाड्रफनगर के नगर पंचायत वाड्रफनगर वार्ड क्रमांक 9 निवासी सचीव कुशवाहा ने 29 जून 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 जून की रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। उन्होंने अपनी होंडा मोटरसाइकिल क्रमांक CG 30 C 7930 घर के बाहर खड़ी की थी, लेकिन अगले दिन सुबह उठने पर बाइक गायब मिली। अज्ञात चोर वाहन चोरी कर फरार हो गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में लगातार पतासाजी की।जांच के दौरान पुलिस ने समीर ईराकी (पिता सफीक ईराकी) एवं संतोष पण्डो (पिता बालरोपन पण्डो)*म, दोनों निवासी पीपरपान थाना सनावल को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वर्ष 2025 में दर्ज एक अन्य मोटरसाइकिल चोरी के मामले का भी खुलासा किया। प्रकरण के अनुसार, वर्ष 2023 में खरीदी गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG 15 DV 8694) 13 जुलाई 2025 की रात अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। लंबे समय से इस मामले की जांच चल रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने समीर ईराकी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि चोरी की बाइक उसने उपेन्द्र कुमार (पिता रामवृक्ष सिंह), निवासी मिनवाखाड़, थाना सनावल को 20 हजार में बेच दी थी।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरी चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। इस मामले में समीर ईराकी और उपेन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उनका संबंध किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से तो नहीं है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।











