

बलरामपुर: बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से विक्षिप्त एक अज्ञात व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार 25 जुलाई 2026 को ग्राम पियार टोली निवासी गया यादव ने थाना चांदो में रिपोर्ट दर्ज कराई कि एक अज्ञात मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति पिछले तीन दिनों से गांव और आसपास के क्षेत्रों में घूम रहा था। आरोप है कि वह ग्राम जोड़ाडूमर निवासी राजेश कोरवा के घर में गलत नियत से घुस गया था। इसी दौरान राजेश कोरवा मौके पर पहुंचा और राजू कोरवा समेत एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर उस व्यक्ति की डंडे और हाथों से बेरहमी से पिटाई कर दी।शिकायत के अनुसार, मारपीट के बाद तीनों आरोपी घायल व्यक्ति को जंगल की ओर ले गए, जहां उसकी हत्या कर शव को पहाड़ी क्षेत्र में दफना दिया ताकि घटना के साक्ष्य मिटाए जा सकें। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चांदो पुलिस ने अपराध क्रमांक 28/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना चांदो एवं गणेश मोड़ चौकी की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी राजेश कोरवा (32 वर्ष) निवासी जोड़ाडूमर एवं राजू कोरवा (39 वर्ष) निवासी पियार टोली को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, मामले में अन्य आरोपी की तलाश और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।











