नई दिल्ली:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की दो दिवसीय चिंतन बैठक बुधवार से शुरू होगी। 23 और 24 सितंबर को होने वाले इस मंथन सत्र में शासन व्यवस्था, नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न क्षेत्रों में सुधारों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, बैठक का आयोजन प्रधानमंत्री कार्यालय स्थित सेवा तीर्थ में किया जाएगा। इसमें पूरी मंत्रिपरिषद के शामिल होने की बात कही गई है। बैठक के दौरान केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, नीतियों को जमीन पर लागू करने की प्रक्रिया, समय प्रबंधन, मंत्रालयों के बीच बेहतर समन्वय और आम लोगों तक सरकारी सेवाओं की प्रभावी पहुंच जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

बताया गया है कि सरकारी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में लागू करने और गवर्नेंस से जुड़े अन्य पहलुओं पर विस्तृत मंथन के लिए मंत्रियों के छह समूह बनाए गए हैं। प्रत्येक समूह में आठ-आठ मंत्री शामिल हैं। इन समूहों की पहले कई बैठकें हो चुकी हैं, जिनमें चिंतन बैठक के दौरान प्रस्तुत किए जाने वाले विषयों और प्रेजेंटेशन को लेकर चर्चा की गई है।सूत्रों के मुताबिक, बैठक में कुछ केंद्रीय मंत्री अपने-अपने मंत्रालयों की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए किए गए प्रयासों, नीतिगत फैसलों और अपनाए गए उपायों पर प्रस्तुति दे सकते हैं।दो दिवसीय बैठक में सरकार के कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने, योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और मंत्रालयों के बीच समन्वय बेहतर करने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श होने की उम्मीद है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!