अंबिकापुर: सड़क निर्माण के लिए निजी जमीन की जरूरत को लेकर नगर निगम और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के बीच विवाद गहरा गया है। भाजपा महापौर मंजूषा भगत पार्षदों के साथ सिंहदेव से मिलने पहुंचीं और सड़क बनाने के लिए उनकी जमीन देने का आग्रह किया। इस पर सिंहदेव ने साफ कहा कि सरकार यदि सार्वजनिक उपयोग के लिए उनकी जमीन लेना चाहती है तो पहले नियमानुसार मुआवजा देना होगा।

करीब दो एकड़ जमीन सड़क निर्माण की जद में

अंबिकापुर के गौरव पथ से मौलवी बांध की ओर जाने वाले मार्ग पर नगर निगम पक्की सड़क बनाना चाहता है। प्रस्तावित निर्माण से टीएस सिंहदेव की निजी जमीन का करीब दो एकड़ हिस्सा प्रभावित होगा। इस जमीन की अनुमानित कीमत लगभग छह करोड़ रुपये बताई जा रही है।बताया जा रहा है कि नगर निगम ने जमीन का अधिग्रहण किए बिना ही सड़क निर्माण के लिए करीब तीन करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करा ली है। अब जमीन के मुआवजे का मुद्दा परियोजना के रास्ते में अड़चन बन गया है।

पहले भी सार्वजनिक कार्यों के लिए दे चुके हैं जमीन

टीएस सिंहदेव का कहना है कि उन्होंने पहले भी अंबिकापुर में कई सार्वजनिक निर्माण कार्यों के लिए अपनी निजी जमीन उपलब्ध कराई है। उनकी जमीन पर सड़क और नालियों का निर्माण कराया गया, लेकिन उसका मुआवजा अब तक नहीं मिला।सिंहदेव के मुताबिक, इस बार भी बिना मुआवजे जमीन देने का आग्रह किया जा रहा है। उन्होंने इस मामले में कानूनी रास्ता अपनाया है और विवाद अदालत तक पहुंच चुका है।

महापौर बोलीं- बड़ी उम्मीद लेकर पहुंचे थे

महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि वे पार्षदों के साथ बड़ी उम्मीद लेकर टीएस सिंहदेव के पास पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने जमीन देने के बदले मुआवजे की मांग रखी है। महापौर के अनुसार, नगर निगम के पास करीब छह करोड़ रुपये का मुआवजा देने के लिए पर्याप्त बजट नहीं है।उन्होंने कहा कि अब राज्य सरकार को पूरे मामले की जानकारी दी जाएगी, ताकि सड़क निर्माण का कोई रास्ता निकल सके। यदि इस स्थान पर सड़क नहीं बन पाती है तो स्वीकृत राशि का इस्तेमाल किसी दूसरी जगह किया जाएगा।

सिंहदेव बोले- आवाजाही नहीं रोक रहा, लेकिन जमीन मुफ्त में नहीं दूंगा

टीएस सिंहदेव ने कहा कि सरकार को सार्वजनिक उपयोग के लिए उनकी जमीन चाहिए तो नियमानुसार अधिग्रहण और मुआवजे की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि बरसात के दौरान उन्होंने इस रास्ते को चलने लायक बनवाया था और फिलहाल लोगों की आवाजाही यहां से जारी है।सिंहदेव का कहना है कि उन्होंने किसी को भी इस रास्ते से आने-जाने से नहीं रोका है, लेकिन बिना मुआवजा दिए सरकार को अपनी निजी जमीन नहीं देंगे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!