वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ संभावित समझौते को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि अगर उनकी सरकार ईरान के साथ कोई डील करती है तो वह अमेरिका के हितों को ध्यान में रखकर बनाई जाएगी। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा पर निशाना साधते हुए कहा कि पुरानी डील ने ईरान को आर्थिक ताकत और परमाणु हथियार तक पहुंचने का रास्ता दिया था।

सोशल मीडिया पोस्ट में ओबामा पर साधा निशाना

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल ट्रूथ प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए कहा कि उनकी संभावित डील ओबामा सरकार के समझौते से पूरी तरह अलग होगी।

ट्रंप ने लिखा कि अगर वह ईरान के साथ समझौता करेंगे तो वह ‘अच्छा और उचित’ होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ओबामा प्रशासन के समय हुई डील ने ईरान को भारी मात्रा में नकदी दी और परमाणु हथियार कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का मौका दिया।

‘हमारी डील बिल्कुल अलग होगी’

ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार किसी भी हाल में खराब समझौता नहीं करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अभी बातचीत पूरी तरह अंतिम चरण में नहीं पहुंची है और समझौते की सभी शर्तें सार्वजनिक नहीं हुई हैं।

उन्होंने आलोचकों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग उस डील की आलोचना कर रहे हैं जिसके बारे में उन्हें पूरी जानकारी तक नहीं है।

बातचीत जारी, लेकिन जल्दबाजी नहीं

ईरान के साथ जारी वार्ता को लेकर ट्रंप ने साफ किया कि अमेरिका जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच चल रहे तनाव और संघर्ष को खत्म करने के लिए बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है, लेकिन अंतिम निर्णय सोच-समझकर लिया जाएगा।

ट्रंप के मुताबिक उनकी सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि समझौते में कोई ऐसी गलती न हो, जिससे भविष्य में अमेरिका को नुकसान उठाना पड़े।

जल्द हो सकती है अंतिम घोषणा

अमेरिकी राष्ट्रपति ने संकेत दिए कि ईरान के साथ चल रही बातचीत पर जल्द अंतिम फैसला सामने आ सकता है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को उचित समय लेकर ऐसा समझौता करना चाहिए, जो लंबे समय तक स्थिरता बनाए रख सके।

वैश्विक स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते पर नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इसका असर अंतरराष्ट्रीय राजनीति, तेल बाजार और मध्य पूर्व की सुरक्षा स्थिति पर पड़ सकता है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!