

रायपुर: देशभर में लगातार बढ़ रही पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। मई महीने में चौथी बार तेल कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ाए हैं। ताजा बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल 2.75 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो गया है। इसका सीधा असर छत्तीसगढ़ के लोगों पर भी दिखाई देने लगा है।
राजधानी रायपुर में पेट्रोल की कीमत अब 108 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच चुकी है, जबकि डीजल भी 101 रुपये से ज्यादा में बिक रहा है।
सिर्फ 10 दिनों में चौथी बार बढ़े दाम
पिछले 10 दिनों के भीतर यह चौथी बार है जब तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा किया है।
- 15 मई को पेट्रोल-डीजल के दाम में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी
- 19 मई को फिर लगभग 90 पैसे तक कीमतें बढ़ीं
- 23 मई को पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा हुआ
- अब 25 मई को फिर बड़ा झटका देते हुए दाम बढ़ा दिए गए
लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम आदमी के बजट पर दबाव बढ़ा दिया है।
रायपुर में क्या है नया रेट?
‘गुड रिटर्न्स’ वेबसाइट के अनुसार 25 मई को राजधानी रायपुर में पेट्रोल 108.06 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। यहां कीमत में 2.70 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
वहीं डीजल 101.32 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जिसमें 2.85 रुपये का इजाफा दर्ज किया गया।
बिलासपुर में भी बढ़े ईंधन के दाम
बिलासपुर में पेट्रोल की कीमत 108.71 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। यहां 2.77 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।
वहीं डीजल 101.97 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है और इसकी कीमत में 2.92 रुपये का इजाफा हुआ है।
गरियाबंद में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा असर गरियाबंद जिले में देखने को मिला है। यहां डीजल की कीमत में 4.28 रुपये प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद डीजल 103.01 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
वहीं पेट्रोल की कीमत 4.13 रुपये बढ़कर 109.74 रुपये प्रति लीटर हो गई है। यह प्रदेश के सबसे महंगे जिलों में शामिल हो गया है।
महंगाई पर बढ़ सकता है असर
विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार बढ़ते ईंधन के दामों का असर आने वाले दिनों में परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है। पेट्रोल और डीजल की महंगाई अब सीधे तौर पर आम जनता की जेब पर असर डाल रही है।





















