मुंगेली: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों को उजाड़ दिया। बाइक और तेज रफ्तार कार की टक्कर में तीन युवकों की जान चली गई। हादसा इतना भयावह था कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

नेशनल हाईवे पर हुआ हादसा, एक ही बाइक पर सवार थे तीनों

यह हादसा मुंगेली-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर जिला पंचायत धरमपुरा के पास हुआ। जानकारी के अनुसार भटगांव निवासी राधेश्याम निर्मलकर अपने दोस्तों आर्यन निर्मलकर और शुभम निर्मलकर के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर जरहागांव से भटगांव जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार कि उड़े बाइक के परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर बेहद तेज थी, जिससे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

एक की मौके पर मौत, दो ने अस्पताल में तोड़ा दम

सूचना मिलते ही जरहागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक एक युवक की मौत हो चुकी थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल थे। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी जान नहीं बचाई जा सकी।

गड्ढों ने ली जान? परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल

हादसे के बाद परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उनका आरोप है कि सड़क पर मौजूद गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी बताया कि गड्ढे से बचने की कोशिश में यह हादसा हुआ। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी, जल्द हो सकती है कार्रवाई

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!