जांजगीर-चांपा। जिले के नैला चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरकोनी से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बुधवार सुबह एक मकान के भीतर पिता और उसके दो मासूम बच्चों के शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जांच एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पत्नी मायके में थी, घर लौटने के बाद हुई घटना

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रमेश कुमार पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले पारिवारिक विवाद के बाद उनकी पत्नी नाराज होकर मायके चली गई थी। मंगलवार को रमेश अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए ससुराल गया था, लेकिन वह उसके साथ लौटने के लिए तैयार नहीं हुई। इसके बाद रमेश अकेले अपने घर वापस आ गया।

बुधवार सुबह परिवार को सूचना मिली कि रमेश और उसके दोनों बच्चे घर के भीतर मृत अवस्था में पड़े हैं। खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने संभाला मोर्चा

घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक योगिताबाली खापर्डे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। जांच के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।

मौत के कारणों का इंतजार, पुलिस ने नहीं की जल्दबाजी

फिलहाल पुलिस ने मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!