

सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां जिला अस्पताल में डिलीवरी से ठीक पहले गर्भवती महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया है।
लेबर पेन के बाद अस्पताल पहुंची महिला, इलाज के दौरान बिगड़ी स्थिति
जानकारी के अनुसार रामनगर गांव की रहने वाली 19 वर्षीय पूजा मानिकपुरी को मंगलवार सुबह करीब 9 बजे लेबर पेन शुरू हुआ था। इसके बाद परिजन उसे तुरंत सूरजपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे मातृ शिशु वार्ड में भर्ती किया गया।
डॉक्टरों द्वारा ऑपरेशन की तैयारी की जा रही थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और मां तथा गर्भस्थ शिशु दोनों की मौत हो गई।
परिजनों का गंभीर आरोप, इंजेक्शन के बाद गई जान
मृतका के पति सूरज मानिकपुरी ने आरोप लगाया है कि ऑपरेशन से पहले उसकी पत्नी को एक इंजेक्शन लगाया गया था। इंजेक्शन देने के कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और फिर उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि इसी इंजेक्शन के कारण मां और बच्चे दोनों की जान गई है।
अस्पताल प्रशासन का दावा, पहले से थी बीपी की समस्या
वहीं अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि महिला को पहले से ब्लड प्रेशर की समस्या थी। उनके अनुसार इंजेक्शन देने के बाद उसे उल्टी हुई, जो सांस नली में चली गई, और इसी कारण उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने इसे मेडिकल जटिलता का मामला बताया है।
परिजनों का आक्रोश, जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने सीएमएचओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कलेक्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रशासन ने गठित की जांच टीम, रिपोर्ट का इंतजार
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। सीएमएचओ द्वारा अलग अलग जांच टीमों का गठन किया गया है। एक टीम पोस्टमार्टम की प्रक्रिया देखेगी, जबकि दूसरी टीम पूरे मामले की विस्तृत जांच करेगी। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




















