अंबिकापुर:  सावन माह में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए सरगुजा पुलिस ने बड़ा फैसला लिया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर अंबिकापुर शहर के प्रमुख मार्गों पर 7 अगस्त की रात 9 बजे से 10 अगस्त दोपहर 12 बजे तक भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है।

पुलिस के अनुसार शंकरघाट मंदिर से लुचकी घाट, चेंद्रा, रघुनाथपुर, बतौली सहित कांवड़ यात्रा मार्ग पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसी कारण रामानुजगंज रोड, खरसिया रोड तथा अंबिकापुर-बतौली मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

प्रतिबंध के दौरान ककना मोड़ से रामानुजगंज चौक (बंगाली चौक) और बंगाली चौक से खरसिया नाका (भारत माता चौक) तक किसी भी भारी वाहन को प्रवेश नहीं मिलेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिलासपुर, बनारस, सूरजपुर और बलरामपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को 9 अगस्त दोपहर 12 बजे के बाद जबकि रायगढ़ रोड के भारी वाहनों को 10 अगस्त दोपहर 12 बजे के बाद रवाना किया जाएगा।यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। रामानुजगंज की ओर से आने वाले भारी वाहन ककना मोड़-कल्याणपुर मार्ग से अंबिकापुर पहुंच सकेंगे। वहीं रामानुजगंज जाने वाले वाहन प्रतापपुर रोड-कल्याणपुर-ककना मोड़ मार्ग का उपयोग करेंगे। बिलासपुर रोड से बनारस जाने वाले तथा मनेन्द्रगढ़ रोड से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं।

सरगुजा पुलिस ने सभी ट्रांसपोर्टरों और भारी वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान अपने वाहनों को कांवड़ यात्रा मार्ग पर न भेजें तथा जारी डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!