

रायगढ़: रायगढ़ पुलिस ने उधारी रकम की जबरन वसूली के लिए एक व्यवसायी के घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में थाना कोतवाली का चिन्हांकित गुंडा बदमाश कपिल सोलंकी, मनीष परियानी और गिरीश माखीजा शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आशीर्वाद पूरम कॉलोनी निवासी कमलेश सिंह (52 वर्ष) ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कोयला ट्रांसपोर्टिंग का कार्य करता है। आर्थिक परेशानियों के कारण वह कुडेकेला निवासी ललेश अग्रवाल का करीब 7 लाख रुपये का भुगतान पिछले तीन वर्षों से नहीं कर पाया था।शिकायत के मुताबिक 11 जून की दोपहर कपिल सोलंकी अपने दो साथियों मनीष परियानी और गिरीश माखीजा के साथ जबरन उसके घर में घुस गया। आरोपियों ने 10 लाख रुपये की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डंडे तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट की।पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 315/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने दोनों साथियों की संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर मनीष परियानी और गिरीश माखीजा को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी के खिलाफ हत्या के प्रयास, पॉक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट, बलवा और मारपीट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं मनीष परियानी और गिरीश माखीजा के खिलाफ भी लूट, जुआ, सट्टा, आबकारी और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि गुंडागर्दी, अवैध वसूली और आम नागरिकों को भयभीत करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।





















