

सूरजपुर: जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुदरगढ़ देवी धाम में शुक्रवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग मंदिर परिसर में स्थित दान पेटी के पास से शुरू हुई और देखते ही देखते आसपास के हिस्सों तक फैल गई। घटना के दौरान श्रद्धालुओं में हड़कंप की स्थिति बन गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर में नारियल फोड़ने वाले स्थान के समीप अगरबत्ती जलाई गई थी। बताया जा रहा है कि अगरबत्ती से निकली चिंगारी ने पहले धीमी आग का रूप लिया, लेकिन कुछ ही देर में आग विकराल हो गई। आग की लपटें मनोकामना ज्योति कलश भवन तक पहुंच गईं, जिससे परिसर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर परिसर में आगजनी रोकने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। मौके पर अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा व्यवस्था का अभाव भी सामने आया है।





















