

भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह जल्द ही नए रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में नजर आने वाले हैं। यह शो 2 अगस्त से प्रसारित होगा। शो में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों के साथ बिहार के चर्चित नेता तेज प्रताप यादव भी दिखाई देंगे। प्रोमो रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी जमकर चर्चा हो रही है।
तेज प्रताप यादव की दमदार एंट्री ने खींचा ध्यान
शो के प्रोमो में तेज प्रताप यादव दमदार अंदाज में एंट्री करते दिखाई देते हैं। उनके काफिले के साथ कई गाड़ियां चलती नजर आती हैं और समर्थक 'भैया जिंदाबाद' के नारे लगाते दिखाई देते हैं।इसके बाद वह एक जनसभा में पहुंचते हैं, जहां कुर्सी पर बैठकर बांसुरी बजाते हैं। बाद में वह वहां मौजूद एक छात्र को भी बांसुरी बजाने के लिए कहते हैं। उनका यह अंदाज प्रोमो का खास आकर्षण बना हुआ है।
पवन सिंह ने कहा- मुझे सोचने की बीमारी है
दूसरे प्रोमो में पवन सिंह कुछ लोगों के साथ बैठे नजर आते हैं। बातचीत के दौरान उनका चेहरा थोड़ा उदास दिखाई देता है। तभी उनके साथ बैठा एक व्यक्ति कहता है कि इतनी दुआओं के बीच उन्हें कुछ नहीं हो सकता।इस पर पवन सिंह मुस्कुराते हुए कहते हैं कि उन्हें कोई शारीरिक बीमारी नहीं, बल्कि जरूरत से ज्यादा सोचने की आदत है। वह कहते हैं कि वह हर बात को बहुत ज्यादा सोचते हैं।
मेडिकल रिपोर्ट देखते ही बदल गया माहौल
प्रोमो में आगे एक व्यक्ति पवन सिंह की मेडिकल रिपोर्ट लेकर आता है। रिपोर्ट देखकर पवन सिंह उससे पूछते हैं कि उसमें क्या लिखा है। इसी दौरान दूसरा व्यक्ति एलेक्सा से TLC का मतलब पूछता है, जिस पर जवाब मिलता है कि इसका अर्थ Tender, Loving and Caring होता है।इसके बाद पवन सिंह मजाकिया अंदाज में पूछते हैं कि उनकी किडनी तो ठीक है न। जब उन्हें सीधा जवाब नहीं मिलता तो वह रिपोर्ट एक तरफ फेंक देते हैं और दूसरी बात करने लगते हैं। यह पूरा सीन दर्शकों को हंसाने में सफल रहा है।
एक साथ दिखेंगे कई बड़े चेहरे
'भोजपुरी बवाल' में पवन सिंह के अलावा निरहुआ, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और कई अन्य चर्चित भोजपुरी कलाकार भी नजर आएंगे। राजनीति और मनोरंजन से जुड़े चेहरों की मौजूदगी शो को और भी दिलचस्प बना रही है।
प्रोमो के बाद बढ़ा दर्शकों का उत्साह
शो के प्रोमो को सोशल मीडिया पर अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। खासकर पवन सिंह के मेडिकल रिपोर्ट वाले मजाकिया सीन और तेज प्रताप यादव की एंट्री ने लोगों का ध्यान खींचा है। अब दर्शकों को 2 अगस्त का इंतजार है, जब यह रियलिटी शो पहली बार प्रसारित होगा।










