आखिर कब थमेगा सूरजपुर में हाथियों का कहर?

सूरजपुर:  सूरजपुर जिले के सूरजपुर वन परिक्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। दो दिनों के भीतर दूसरी दर्दनाक घटना में एक युवक की जान चली गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। ताजा मामला घाघी टिकरा गांव का है, जहां हाथियों के हमले में एक युवक की मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सोहन सिंह (लगभग 30 वर्ष) निवासी घाघी टिकरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सामान बेचकर बाइक से अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में हाथियों के झुंड से सामना हो गया। अचानक हुए हमले में वह अपनी जान नहीं बचा सका।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही कोटबहरा क्षेत्र में भी एक युवक को हाथी ने कुचलकर मार डाला था। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल गहराता जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, चार हाथियों का दल पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में सक्रिय है और लगातार गांवों के आसपास घूम रहा है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और उन्हें ट्रैक करने का प्रयास कर रही है। साथ ही प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुटा हुआ है।

वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और रात के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। वहीं, लगातार बढ़ रहे मानव-हाथी संघर्ष को लेकर चिंता भी गहराती जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!