

बिलासपुर: सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया स्थित रमेश ज्वेलर्स में सोने-चांदी के जेवरात और नकदी से भरे बैग की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6.80 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकद राशि तथा वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 20 फरवरी की शाम करीब 7 बजे दुकान संचालक विभूति विनय सोनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने जेवरात और एक लाख रुपये नकद से भरे दो बैग दुकान के बाहर रखे थे। तभी पहले से रेकी कर रहे आरोपियों ने मौका पाकर एक बैग उठाया और बाइक से फरार हो गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीसीयू बिलासपुर और सीपत थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान ग्राम खम्हरिया, आसपास के क्षेत्रों और बलौदा शहर के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेजखंगाली गई।जांच के दौरान 4 जून को पेंड्रा के कोटमीकला चौकी पुलिस ने आर्म्स एक्ट के एक मामले में खुशीराम साहू, मनीष उर्फ राहुल मंडल और राजाराम साहू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने ज्वेलरी चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि चोरी के जेवर और नकदी आपस में बांट लिए थे। खुशीराम साहू ने अपने हिस्से के जेवर कसडोल निवासी दीपक वर्मा को बेच दिए थे, जिसे भी चोरी का माल रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने राजाराम साहू के कब्जे से एक जोड़ी चांदी की पायल और सोने के दो टॉप्स बरामद किए हैं। वहीं बिहार निवासी मनीष उर्फ राहुल मंडल अपने हिस्से के जेवर लेकर फरार हो गया था। उसे देवघर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया, जहां उसके पास से एक देसी कट्टा भी बरामद हुआ।आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई एचएफ डिलक्स बाइक (CG-10 BF-2654) भी ग्राम मड़ई के श्मशान घाट के पास झाड़ियों से बरामद कर ली गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।





















