
पत्रकारिता और सामाजिक सेवा के लंबे अनुभव के साथ निभाएंगे नई जिम्मेदारी
सूरजपुर/ भटगांव। श्रमिकों के अधिकार और उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से सामने रखने की दिशा में साउथ ईस्टर्न कोयला मजदूर कांग्रेस (एसईकेएमसी) इंटक ने चंचल सिंह को भटगांव क्षेत्र का क्षेत्रीय प्रवक्ता (मीडिया) मनोनीत किया है। यह जिम्मेदारी उन्हें पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में लंबे अनुभव को देखते हुए सौंपी गई है।
एसईसीएल भटगांव क्षेत्रीय अध्यक्ष रविंदर सिंह ने चंचल सिंह का मनोनयन किया। संगठन की ओर से जारी पत्र में उन्हें क्षेत्रीय स्तर पर मीडिया से जुड़े दायित्वों का निर्वहन करने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही प्रबंधन से आग्रह किया गया है कि उन्हें आईडी एक्ट, 1947 के तहत संरक्षण प्रदान करते हुए आवश्यक सहयोग दिया जाए। पत्र की प्रतिलिपि संगठन के केंद्रीय पदाधिकारियों, मुख्य कार्मिक प्रबंधक, थाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।
मनोनयन के बाद चंचल सिंह ने एसईकेएमसी इंटक के क्षेत्रीय अध्यक्ष रविंदर सिंह सहित केंद्रीय अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह, केंद्रीय महामंत्री प्रीतम पाठक, कार्यवाहक अध्यक्ष संजय सिंह, महामंत्री राजेंद्र देव सिंह समेत संगठन के सभी पदाधिकारियों और इंटक यूनियन के सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो दायित्व सौंपा है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। श्रमिकों के हितों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने तथा उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।आपको बताते चलें कि
पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहने के साथ चंचल सिंह सामाजिक सेवा से भी जुड़े रहे हैं। जनसरोकारों से जुड़े विषयों और आम लोगों की परेशानियों को करीब से समझने का उनका अनुभव नई भूमिका में अहम माना जा रहा है। कोयला क्षेत्र के कामगारों से जुड़े अधिकार, सुविधाएं, कार्यस्थल की चुनौतियां और स्थानीय मुद्दे उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे। वहीं दूसरी ओर
संगठन के इस निर्णय को ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब कोयला क्षेत्र में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रभावी तरीके से सामने रखने की जरूरत महसूस की जा रही है। नए दायित्व के साथ चंचल सिंह के सामने श्रमिकों की बात को संगठनात्मक मंच से मीडिया तक मजबूती से पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी।




















